नगर निगम कार्यकारिणी से 6 सदस्यों की विदाई

खबर को शेयर करे

लॉटरी प्रक्रिया में भाजपा के 4 और सपा के 2 पार्षदों के नाम की पर्ची निकली, अब नए चुने जाएंगे

वाराणसी। नगर निगम कार्यकारिणी में एक साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद 6 सदस्यों की विदाई हो गई। 12 में से 6 सदस्यों को हटाने के लिए लॉटरी निकाली गई। महापौर द्वारा निकाली गई पर्चियों में भाजपा के 4 और सपा के 2 सदस्य बाहर हो गए। अब नए कार्यकाल के लिए 6 सदस्यों का चयन किया जाएगा। नए सदस्यों के चयन के लिए जल्द ही सदन की बैठक बुलाई जाएगी।

मेयर बोले- सदस्यों का सुझाव शहर के विकास के लिए अहम

मेयर की अध्यक्षता में गुरुवार को एक डिब्बे में सभी 12 सदस्यों के नामों की पर्चियां डाली गईं। एक-एक कर 6 पर्चियां निकाली गईं, जिनके नाम की पर्चियां निकलीं, उन्हें कार्यकारिणी से सेवानिवृत्त कर दिया गया। बाकी बचे 6 सदस्य दो साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। मेयर ने बताया कि शहर के विकास के लिए सभी सदस्यों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सदस्यों से कहा कि आपके सुझाव शहर के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यकारिणी में होते हैं विकास से संबंधित निर्णय

नगर निगम कार्यकारिणी में ही शहर के विकास से संबंधित नीतिगत निर्णय लिए जाते हैं। यह एक तरह से प्रदेश सरकार की कैबिनेट की तरह होती है। कार्यकारिणी में महापौर के अलावा कुल 12 सदस्य होते हैं, जिन्हें पार्षदों में से ही चुना जाता है। एक साल में छह सदस्यों के रिटायर होने का नियम है।

महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि रिटायर हो चुके 6 सदस्यों की जगह नए सदस्यों को मिलेगी। इनका चयन सदन की बैठक में होगा। मेयर ने बताया कि 27-28 जून को सदन की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें नए सदस्यों का चुनाव किया जाएगा।

इसे भी पढ़े -  आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की हुई मौत, दूसरी घायल ।