
जनपद चंदौली में अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत सघन प्रवर्तन कार्यवाही की गई। यात्री कर अधिकारी ललित कुमार मालवीय के नेतृत्व में यह अभियान विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित हुआ, जिसमें लगभग 100 ई-रिक्शा एवं ऑटो रिक्शा के प्रपत्रों की गहन जांच की गई।
इस जांच के दौरान कई वाहन नियमों के उल्लंघन में पाए गए। बबुरी थाना क्षेत्र में एक अपंजीकृत ई-रिक्शा एवं एक अपंजीकृत ऑटो रिक्शा को सीज़ किया गया। इसके अतिरिक्त, प्रपत्र अपूर्ण पाए जाने के कारण 5 ऑटो रिक्शा को भी बबुरी थाने में सीज़ किया गया। एक पिकअप वाहन को बकाया टैक्स एवं अपूर्ण दस्तावेजों के कारण सीज़ किया गया।
वहीं, एक टैक्सी (इनोवा) को, जिसका टैक्स वर्ष 2022 से बकाया था तथा जिसके परमिट, फिटनेस सहित सभी दस्तावेज अपूर्ण थे, हाईवे मंडी पुलिस चौकी में सीज़ किया गया।
इसके अलावा, 10 ई-रिक्शा एवं 15 ऑटो रिक्शा चालकों के दस्तावेज अपूर्ण पाए जाने पर उनके विरुद्ध चालान की कार्यवाही की गई।
यह अभियान जनपद में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा अवैध व बिना दस्तावेज के संचालित वाहनों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।