magbo system

वाराणसी में प्रेग्नेंट महिलाओं के खाते में पहुंचे 31 करोड़

PMMVY रजिस्ट्रेशन में यूपी का 7वां जिला वाराणसी; टारगेट से 13% कम
~~~~~~
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (MPPVY) -2.0 रजिस्ट्रेशन में वाराणसी यूपी में सातवें स्थान पर रहा। यहां पर 19,667 महिलाओं ने इस योजना के लिए अपना नाम दर्ज कराया है। यह राज्य सरकार से मिले टारगेट से करीब साढ़े 13% कम रहा। वाराणसी ने टारगेट का 86.34% पूरा किया है। वहीं, पहली और दूसरी बार बच्चे डिलीवरी करा चुकीं 5 हजार महिलाओं के अकाउंट में कुल 31 करोड़ से ज्यादा रुपए भेजे गए।
वाराणसी के CMO डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि ये योजना पिछले साल सितंबर में शुरू हुई थी। तब से 6 महीने में ये अचीवमेंट है। पहले बच्चे और दूसरा बच्चा लड़की होने पर लाभ दिए जाने के लिए ज्यादा से ज्यादा रजिस्ट्रेशन पर जोर दिया गया। जिला और ब्लॉक लेवल पर योजना के रजिस्ट्रेशन फॉर्म भराए जाने का काम किया जाता है। सरकार द्वारा PMMVY 2.0 पोर्टल पर अपलोड किए गए फॉर्म की जांच के बाद पैसा सीधे महिला के अकाउंट में लगा दी जाती है।

लाभ के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी

योजना के नोडल अधिकारी और डिप्टी CMO डॉ. एचसी मौर्य ने बताया कि गर्भ होने के 570 दिन के अंदर ही रजिस्ट्रेशन जरूरी होता है। पहली बार मां बनने वाली गर्भवती के लिए मिलने वाला पैसा 2 किश्तों में दिया जाएगा। पहली किश्त में 3000 रुपए और दूसरी में 2000 रुपए अकाउंट में भेजे जा रहे हैं। यदि दूसरी संतान लड़की होती है तो 6000 रुपए एकमुश्त दी जाएगी। इसमें बच्चे के जन्म से 270 दिन के अंदर लाभ के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। यदि 1 अप्रैल 2022 को या उसके बाद जन्म हुआ हो तो ऐसी स्थिति में रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। अब तक वाराणसी में दूसरी बार संतान लड़की होने पर 2527 महिलाओं को मिले 6000 रुपए दिए गए। पहली बार गर्भवती होने वाली 4885 महिलाओं को पहली किश्त के रूप में 3000 रुपए और 742 महिलाओं को दूसरी किश्त के रूप में 2000 रुपए मिले।

ऐप और वेबसाइट से कर सकते हैं अप्लाई

इस योजना की जिला कार्यक्रम समन्वयक शालिनी श्रीवास्तव ने बताया कि रजिस्ट्रेशन प्रॉसेस और उससे जुड़ी जानकारी के लिए अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर तैनात ANM और आशा कार्यकर्ताओं से मिले। PMMVY 2.0 का फायदा लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन http://pmmvy.wcd.gov.in पर क्लिक करके किया जा सकता है। गूगल प्ले स्टोर पर मौजूद ‘पीएम योजना एप’ को डाउनलोड कर लाभार्थी खुद ही रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं।

योग्यता के लिए अपलोड किए जाने वाले इन प्रमाण पत्रों में से कोई एक महिला के पास होना जरूरी है ……

  • महिलाएं जिनकी कुल सलाना इनकम 8 आठ लाख रुपए से कम हो।
  • मनरेगा जॉब कार्ड धारक महिला।
  • महिला किसान जो किसान सम्मान निधि की लाभार्थी हो।
  • ई-श्रम कार्ड धारक महिलाएं।
  • आयुष्मान भारत के अंतर्गत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लाभार्थी महिलाएं।
  • BPL राशन कार्ड धारक महिलाएं।
  • महिलाएं जो 40% या पूरी तरह से दिव्यांग हों।
  • अनुसूचित जाति की महिलाएं।
  • अनुसूचित जनजाति की महिलाएं।
  • गर्भवती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका या आशा कार्यकर्ता हो।
  • राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अन्तर्गत राशन कार्ड लाभार्थी महिलाएं।
खबर को शेयर करे