

वाराणसी। मंडुवाडीह क्षेत्र के महेशपुर में सिक्सलेन निर्माण कार्य के दौरान शनिवार को अहरौरा से भूसा लादकर आ रही एक पिकअप सर्विस रोड पर धंस गई। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
लोगों का आरोप है कि लोकनिर्माण विभाग द्वारा चौड़ीकरण कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण सर्विस रोड पर आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। बताया गया कि चौड़ीकरण के चलते डिवाइडर बंद कर दिए गए हैं, जिससे लोगों को मात्र 500 मीटर की दूरी तय करने के लिए करीब 2 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि सर्विस रोड की शीघ्र मरम्मत कराई जाए।
PWD के जे ई ने बताया
इस संबंध में लोकनिर्माण विभाग के जेई जितेंद्र सिंह ने बताया कि सिक्सलेन मार्ग के निर्माण के कारण सर्विस रोड अभी अंडर कंस्ट्रक्शन है और विभिन्न स्थानों पर इसे अस्थायी रूप से ब्लॉक किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग द्वारा बंद किए गए रास्तों को कुछ लोग स्वयं खोल देते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। हालांकि, जल्द ही सर्विस रोड का निर्माण पूरा कर लोगों को सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।

