
धानापुर, 17 जनवरी। भीम राव अंबेडकर मंदिर परिसर, एवती में शुक्रवार को संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत धानापुर पूर्वी मंडल अध्यक्ष चंद्रभान मौर्य ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने भारत के संविधान के बारे में विस्तार से चर्चा की।
चंद्रभान मौर्य ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को संविधान की एक प्रति अपने घर में रखनी चाहिए। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना, उसके निर्माण प्रक्रिया, और नीति-निर्देशक तत्वों पर भी विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी कहा कि हर हाल में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को अक्षुण्य रखा जाएगा।
संविधान गौरव अभियान भारतीय संविधान के 75 वर्षों के पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। मौर्य ने कहा कि बाबा साहेब ने गरीबों और पिछड़े वर्गों को मजबूत करने का काम किया।
इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रतिनिधि रामजी तिवारी, किसान जिला मोर्चा मंत्री श्रीराम चौबे, अजीत पांडेय, अशोक सिंह, अरविंद उपाध्याय, संतोष सिंह, विनोद सिंह, नामवर मौर्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया।