छठे चरण का चुनाव प्रचार थम गया

खबर को शेयर करे

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों और बलरामपुर जिले की गैंसण्डी विधानसभा के उपचुनाव का प्रचार गुरुवार की शाम को थम गया। इसी के साथ शनिवार 25 मई को होने वाले मतदान की तैयारी शुरू हो जाएगी।
यह लोकसभा सीटें हैं-सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीर नगर, लालगंज (सु.), आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर (सु.) और भदोही। इनमें से 12 सीटें सामान्य श्रेणी की और दो सुरक्षित हैं।
छठे चरण की प्रदेश की इन 14 लोकसभा सीटों में सुल्तानपुर सीट पर भाजपा की उम्मीदवार मेनका गांधी, आजमगढ़ में भाजपा के प्रत्याशी व भोजपुरी फिल्म कलाकार दिनेश लाल यादव निरहुआ और सपा के धर्मेन्द्र यादव तथा डुमरियागंज से भाजपा के मौजूदा सांसद जगदम्बिका पाल के मैदान में उतरने से इन सीटों के चुनाव ज्यादा चर्चा में हैं।
2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में इन सीटों के नतीजों पर गौर करें तो 14 में से 10 भाजपा, तीन बसपा और एक सपा ने जीती थी। आजमगढ़ की सीट पर मौजूदा सपा प्रमुख अखिलेश यादव जीते थे। छह सीटें ऐसी थीं, जहां बसपा के उम्मीदवारों ने भाजपा प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर दी थी। सुल्तानपुर, श्रावस्ती और मछली शहर सु. सीटों पर बहुत करीबी मुकाबला रहा था। इस बार इन 14 सीटों में से भाजपा के पांच मौजूदा सांसद सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, डुमरियागंज, बस्ती और मछलीशहर सु. सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। अम्बेडकरनगर सीट पर भी मौजूदा सांसद रीतेश पाण्डेय भी मैदान में हैं। मगर पिछली बार वह बसपा के टिकट पर जीते थे और इस बार वह भाजपा के उम्मीदवार हैं।

इसे भी पढ़े -  प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी के बाद दोनो देशों के बीच...