शिवपुर मिनी स्टेडियम इस वर्ष दुर्गोत्सव पर भव्य रूप लेने जा रहा है। यहां ओडिशा के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर की प्रतिकृति बनाई जा रही है, जिसकी ऊंचाई करीब 110 फीट होगी। इस विशाल पंडाल का निर्माण पिछले तीन महीनों से लगातार चल रहा है। पश्चिम बंगाल से आए 30 से 35 कारीगर दिन-रात मेहनत कर इसे आकार दे रहे हैं।मिनी स्टेडियम में बरसात की चुनौतियों के बावजूद कार्य बिना रुके जारी है।
दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष सुशांत जायसवाल ने बताया कि इस बार मिनी स्टेडियम में पंडाल के सामने आकर्षक रथ भी निर्मित किया जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी यहां लगभग पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए मिनी स्टेडियम के पंडाल परिसर में 2656 वॉलिंटियर्स, निजी बाउंसर, सीसीटीवी कैमरे, फायर ब्रिगेड, बालू और पानी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
समिति सदस्य विवेक कुमार जायसवाल ने बताया कि यह आयोजन करीब 45 वर्षों से लगातार हो रहा है। पंडाल के निर्माण में 3000 बांस, 400 बल्ली और हजारों स्क्वायर फीट बीट का उपयोग किया गया है। पूजा बंगाली विधि-विधान के अनुसार की जाएगी, जिसमें कोंहड़ा, नीबू और अन्य पारंपरिक सामग्री का प्रयोग होगा। पंडाल में LED वॉल भी लगाई जाएगी, जिससे वातावरण और भी आकर्षक बनेगा।
समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे परिवार सहित पधारें और माता रानी व भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करें। आयोजन में विवेक जायसवाल, रोहित केशरी, ऋषभ जायसवाल, बिट्टू जायसवाल, मनोज गुप्ता, अभिषेक केसरी समेत अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।