प्रधानमंत्री के अतिरिक्त सचिव द्वारा काशी में हुए विकास कार्यों का भ्रमण/निरीक्षण किया गया

खबर को शेयर करे

वाराणसी। वाराणसी में पर्यटन संबंधी सुविधाओं को वैश्विक मानकों के अनुरूप लाने के लिए प्रधानमंत्री के अतिरिक्त सचिव सुभाशीष पांडा द्वारा काशी में हुए विकास कार्यों का अध्ययन/निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में सचिव महोदय द्वारा सर्वप्रथम कैंट स्थित रोडवेज पहुँचकर यात्री सुविधाओं को देखा व परखा गया। कैंट रेलवे स्टेशन पहुँचकर पूरे परिसर का बृहद निरीक्षण किया गया तथा उक्त के संबंध में स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता से जानकारियां ली गयीं। द्वितीय प्रवेश द्वार को तेजी से पुनर्विकसित करने को बोला गया है। कैंट रेलवे स्टेशन के जन सुविधा केंद्र पर जाकर यात्रियों को एक जगह पर मिलने वाली टैक्सी, ट्रॉली, होटल, मंदिर, टूर एंड ट्रैवल आदि की बुकिंग सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पर्यटन सूचना केंद्र पर भी बातचीत की।

सचिव महोदय द्वारा विद्यापीठ स्थित भारत माता मंदिर का भी निरीक्षण किया गया। भारत माता मंदिर के निरीक्षण में संरक्षक राजू सिंह ने बनाए गए अखंड भारत के नक्शे में शामिल देशों और भारत के राज्यों के बारे में अधिकारियों को जानकारी दी। उन्होंने मंदिर की दीवारों पर उकेरी गई देवनागरी, ब्राह्मी और सिंधु सभ्यता की लिपि के इतिहास से जुड़ी जानकारी से अवगत कराया। उन्होंने इस मंदिर के संस्थापक और मंदिर से जुड़ी घटनाओं का ज़िक्र किया।

सचिव ने दुर्गाकुंड के आनंद वन पार्क में स्थित भवन को देखा और दूसरी ओर एक बिल्डिंग के खंडहर की एएसआई से रिपोर्ट माँगने का निर्देश पर्यटन विभाग को दिया गया। प्रधानमंत्री के द्वारा दुर्गाकुंड मंदिर परिसर में कराये गये कार्यों को देखा गया तथा तुलसी मानस मंदिर व संकट मोचन मंदिर परिसर पहुँचकर शीश नवाया गया।

इसे भी पढ़े -  मंडुवाडीह में पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था 25 हजार का इनामी बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार

अस्सी घाट पर मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने वहाँ प्रतिदिन होने वाले कार्यक्रम, पास के स्थित मंदिरों की इतिहास, रामनगर की रामलीला, नक्कटैया मेला, भरत-मिलाप सहित अन्य ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विषयों की जानकारी दी। इसके बाद दशाश्वमेध घाट पर मंडलायुक्त ने दशाश्वमेध सरोवर, शीतला माता मंदिर, हनुमान मंदिर सहित विभिन्न विषयों की जानकारी साझा की। उन्होंने मान महल मंदिर स्थित म्यूज़ियम का भ्रमण किया। म्यूजियम में उन्होंने वीडियो क्लिप, थ्री डी व दीवार पर उकेरी गई विभिन्न कलाकृतियों के माध्यम से काशी के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक व आध्यात्मिक पहलुओं से रूबरू हुए। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर व काल भैरव मंदिर में जाकर विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

सचिव द्वारा चौकाघाट स्थित अर्बन हाट का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने चौखंडी स्तूप, पुरातात्विक संग्रहालय, सारनाथ, धमेख स्तूप म्यूजियम का भ्रमण कर भगवान बुद्ध से जुड़ी प्रतिमा, कलाकृतियों, भित्तिचित्र और घटनाओं, नगरी लिपि के विकास से अवगत हुए। उन्होंने धम्मचक्र, चैत्यगृह, अशोक स्तंभ, मूलगंध कुटी विहार, थाई बुद्ध विहार आदि स्थलों का अवलोकन किया।