magbo system

Editor

वाराणसी: केदार घाट पर गंगा स्नान के दौरान युवक की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केदार घाट पर बृहस्पतिवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि साथ आए परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की पहचान आयुष कुमार (18) के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद जिले का निवासी था।

VK Finance

प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष कुमार मूल रूप से बैंक कॉलोनी, गोविंदपुर, जिला धनबाद (झारखंड) का रहने वाला था। वह अपनी मां, नाना उपेंद्र सिन्हा और नानी के साथ वाराणसी घूमने और धार्मिक यात्रा पर आया हुआ था। परिजनों ने बताया कि आयुष हाल ही में पायलट की ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटा था और परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पहुंचा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार सुबह आयुष केदार घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगा। युवक को डूबता देख उसके नाना उपेंद्र सिन्हा ने शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद स्वयंसेवी गोताखोर सनी, अजय और राकेश ने जल पुलिस के सहयोग से तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को गंगा नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। काफी प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

सूचना मिलने पर भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment