
वाराणसी। सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के निर्देशानुसार आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम (वित्त एवं राजस्व) सदानंद गुप्ता ने की। कार्यशाला में विभिन्न विभागों जैसे राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, शिक्षा, उद्योग, युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य इंटरनेट और एआई के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस वर्ष सुरक्षित इंटरनेट दिवस की थीम “स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प, एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग की खोज” रखी गई। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अविनाश शर्मा और अपर सूचना विज्ञान अधिकारी कौशल किशोर शुक्ला ने साइबर सुरक्षा और साइबर स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यशाला में फिशिंग, OTP और UPI फ्रॉड, निवेश धोखाधड़ी, फर्जी कस्टमर केयर, ऑनलाइन शॉपिंग स्कैम और डिजिटल गिरफ्तारी जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि OTP, UPI PIN और पासवर्ड किसी से साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, केवल आधिकारिक वेबसाइट से कस्टमर केयर नंबर लें और हमेशा मजबूत पासवर्ड व 2FA का उपयोग करें। कार्यक्रम में कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।