वाराणसी- माघ मेला और पलट प्रवाह को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने यातायात डायवर्जन लागू किया है। प्रमुख स्नान तिथियों पर महाकुंभ जैसी व्यवस्थाएं रहेंगी। यातायात का दबाव बढ़ने पर पांच थानों में होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। मिर्जामुराद, राजातालाब, रोहनिया, रामनगर और लंका में 12-12 घंटे तक वाहनों को रोका जाएगा। मैदागिन चौक गोदौलिया क्षेत्र नो-व्हीकल जोन रहेगा। शहर के अंदर छह रूटों पर ऑटो व ई-रिक्शा का संचालन होगा।

पुलिस के अनुसार मकर संक्राति पर 14 से 16 जनवरी के बीच शहर में तीन से चार लाख लोगों के आने का अनुमान है। मौनी अमावस्या पर 18 जनवरी को 2 लाख लोगों के आने का अनुमान है। 23 जनवरी को वसंत पंचमी पर भी दो लाख लोगों के आने का अनुमान है। माघी पूर्णिमा पर 02 और 03 फरवरी 5 लाख लोग आ सकते हैं। जबकि महाशिवरात्रि पर 16 और 17 फरवरी को पांच लाख लोग आ सकते हैं।
बाहरी गाड़ियां हाईवे पर ही रोकी जाएंगी और वाहन निर्धारित पार्किंग में ही खड़े होंगे। दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट व शहर के आंतरिक घाटों पर विशेष ध्यान दिया गया है। एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि भीड़ बढ़ने पर राजघाट पुल पर भी चारपहिया वाहनों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। गाजीपुर और आजमगढ़ से माघ मेला जाने वाली प्राइवेट बसें और चारपहिया वाहन रिंग रोड से जाएंगे, शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बिहार और चंदौली से माघ मेला जाने वाले वाहनों को एनएच-19 होते हुए विश्वसुंदरी पुल, अखरी और मोहनसराय से निकाला जाएगा।
सूजाबाद पुलिस चौकी से किसी ‘भी प्रकार के वाहन को राजघाट की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को रामनगर की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा, जहां लंका मैदान (रामनगर) में पार्क कराया जाएगा।
भदऊ चुंगी से भैंसासुर घाट की तरफ किसी भी प्रकार के वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को रेलवे कॉलोनी के मैदान में पार्क कराया जाएगा। समयानुसार पासयुक्त वाहन ही नमो घाट की तरफ जा सकेंगे।
लाट भैरव चौकी एवं कज्जाकपुरा ओवरब्रिज के नीचे/ओर से किसी भी प्रकार के वाहन भदऊ चुंगी की तरफ नहीं जाने दिए जाएंगे। समयानुसार पासयुक्त वाहन ही नमो घाट की तरफ जा सकेंगे।
पुलिस के अनुसार सोनारपुरा तिराहे से गोदौलिया चौराहे की तरफ किसी भी प्रकार के वाहन नहीं जाने दिए जाएंगे। इन वाहनों को ब्रॉडवे तिराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, अग्रवाल तिराहे से अस्सी की तरफ किसी भी प्रकार के वाहन नहीं जाने दिए जाएंगे।
जलालीपुरा ओवरब्रिज ढलान के आगे किसी भी प्रकार के वाहन को भदऊ चुंगी की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को कज्जाकपुरा ओवरब्रिज के ऊपर से आशापुर की तरफ भेज दिया जाएगा। समयानुसार पासयुक्त वाहन ही नमो घाट की तरफ जा सकेंगे।
ऑटो व ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट
गोलगड्डा तिराहा से लकड़मंडी, संपूर्णानंद से अमर उजाला से लहुराबीर होकर कबीरचौरा, मैदागिन, विशेश्वरगंज से गोलगड्डा होकर चौकाघाट।
लहुराबीर से जयसिंह चौराहा होते हुए मलदहिया से सिगरा, रथयात्रा, महमूरगंज होकर मंडुवाडीह से भिखारीपुर फिर सुंदरपुर मालवीय चौराहा से लंका तक।
लंका से नरिवा, सुंदरपुर, भिखारीपुर बरेका होते हुए मंडुवाडीह से लहरतारा फिर कैंट रेलवे स्टेशन (वापसी)।
जब
लंका से नरिया, सुंदरपुर, भिखारीपुर बरेका होते हुए मंडुवाडीह से लहरतारा, चांदपुर तक।
अंधरापुल से नदेसर फिर मिंट हाउस, आंबेडकर चौराहा होते हुए जेपी मेहता से दैत्रावीर फिर भोजूबीर से गिलट बाजार तक।
चौकाघाट से ताड़ीखाना होते मकबूल आलम रोड से खजुरी तिराहा से पांडेयपुर तक।
प्रमुख प्रतिबंध और डायवर्जन
गोलगड्डा से किसी भी प्रकार के वाहनों को विशेश्वरगंज की तरफ नहीं आने दिया जाएगा। इन वाहनों को यू-टर्न कराकर लकड़मंडी की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। समयानुसार पासयुक्त वाहन ही नमो घाट की तरफ जा सकेंगे।
लकड़मंडी तिराहा से किसी भी प्रकार के वाहनों को गोलगड्डा व भदऊ चुंगी की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को वहीं से डायवर्ट कर कैंट ओवरब्रिज होते हुए अपने गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। समयानुसार पासयुक्त वाहन ही नमो घाट की तरफ जा सकेंगे।
मछोदरी की तरफ से विशेश्वरगंज तिराहा आने वाले समस्त प्रकार के वाहनों को विशेश्वरगंज तिराहा से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को गोलगड्डा की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।
मैदागिन चौराहे से किसी भी प्रकार के वाहनों को थाना चौक होते हुए गोदौलिया की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। चारपहिया, तीनपहिया व पैडल रिक्शा को कबीरचौरा एवं विशेश्वरगंज तिराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। चारपहिया
वाहन मैदागिन स्थित टाउनहॉल पार्किंग में पार्क कराए जाएंगे।
काशिका तिराहा से पिपलानी व कबीरचौरा की तरफ कोई भी वाहन नहीं जाएगा।
लहुराबीर चौराहे से किसी भी प्रकार के चारपहिया/तीनपहिया वाहनों को बेनिया की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को मलदहिया चौराहा एवं काशिका तिराहा की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।
बेनिया तिराहे से किसी भी प्रकार के चारपहिया/तीनपहिया वाहनों को रामापुरा की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। चारपहिया निजी वाहनों को बेनिया पार्किंग में पार्क कराया जाएगा तथा तीनपहिया वाहनों को पियरी की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
रामापुरा चौराहे से गोदौलिया की तरफ किसी भी दशा में चारपहिया वाहन नहीं जाने दिए जाएंगे। इन वाहनों को लक्सा एवं बेनिया तिराहा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
गोदौलिया चौराहे से किसी भी प्रकार के वाहनों को किसी भी दशा में मैदागिन व दशाश्वमेध घाट की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को रामापुरा एवं सोनारपुरा की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। दोपहिया वाहनों को गोदौलिया स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।
लक्सा तिराहे से रामापुरा की तरफ किसी भी दशा में कोई भी वाहन नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को गुरुबाग एवं औरंगाबाद की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा।