
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चार दिन पहले हुई इस वारदात के दोनों आरोपी रंजीत और लखराज को शुक्रवार दोपहर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष अलीनगर अनिल कुमार पांडे के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद आज न्यायालय ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उन्होंने दरोगा की रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए रेवासा पुल के नीचे मुठभेड़ में दोनों को पैर में गोली मारकर लंगड़ा कर दिया। घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि मासूम के साथ हुई इस अमानवीय घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। गुरुवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सपा नेता मनोज सिंह डब्लू ने पीड़िता के घर पहुंचकर परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया था। वहीं शुक्रवार को सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर धरने की चेतावनी दी थी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद लोगों में संतोष का माहौल है और परिजनों ने उम्मीद जताई है कि अब मासूम को न्याय जरूर मिलेगा।

