


चंदौली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 14 अगस्त 2025 को वृद्धाश्रम मधुपुर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में देशभक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री राजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर संस्था के संचालक श्री गिरजेश राय, विकास सिंह, प्रबंधक अनिल यादव, संजय यादव, रवि कुमार सहित समस्त स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। यात्रा के दौरान हाथों में लहराते तिरंगे, राष्ट्रभक्ति के नारों और जोशीले माहौल ने पूरे परिसर और आस-पास के क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि हर घर तिरंगा अभियान न केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है, बल्कि यह हमें हमारे स्वतंत्रता संग्राम की याद दिलाता है और राष्ट्रप्रेम की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है।
संस्था संचालक श्री गिरजेश राय ने बताया कि वृद्धाश्रम के वरिष्ठ नागरिक इस यात्रा में पूरे जोश के साथ शामिल हुए, जिससे यह कार्यक्रम और भी विशेष बन गया।
अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया।

