


चंदौली: पीडीडीयू रेल मंडल में विभागीय परीक्षा के पेपर लीक मामले में सीबीआई द्वारा दो अधिकारियों और 26 कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद रेल प्रशासन अब सख्त हो गया है। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले की प्रक्रिया तेज़ हो गई है।

मंगलवार शाम को पूर्व मध्य रेलवे ने 66 आरपीएफ निरीक्षकों के तबादले का आदेश जारी किया, जिनमें 9 निरीक्षक पीडीडीयू रेल मंडल में तैनात थे। इस फैसले से महकमे में हड़कंप मच गया है, और अन्य कर्मचारियों के तबादले की आशंका बनी हुई है।
4 मार्च को पीडीडीयू रेल मंडल में लोको इंस्पेक्टर पद के लिए विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन एक दिन पहले ही पेपर लीक हो गया था। सीबीआई को इसकी भनक लगने के बाद दो अधिकारियों और 26 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद, सीबीआई के दबाव में 14 अधिकारियों का तबादला किया गया।
तबादले के नए आदेश के तहत, समस्तीपुर और धनबाद मंडल में तैनात पंकज कुमार और अर्जुन यादव को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसके अलावा, अन्य कई थानों पर तैनात निरीक्षकों का भी तबादला किया गया है, जिससे विभागीय हलचल बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक, तबादला की तलवार अभी भी कई अन्य कर्मचारियों पर लटकी हुई है।