झारखंड: करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की हत्या

खबर को शेयर करे

झारखंड के जमशेदपुर में करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की हत्या ने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया है। यह हत्याकांड कई सवालों को जन्म दे रहा है, जिसमें गैंगवार और आपसी रंजिश की आंशका जताई जा रही है। विनय सिंह की नजदीकी गोविंदपुर के कुख्यात व्यक्ति बिल्ला पाठक से बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पिछले एक महीने से विनय सिंह बिल्ला पाठक के संपर्क में थे, और इसी कारण उन्हें निशाना बनाया गया हो सकता है।

बताया जा रहा है कि बिल्ला पाठक के प्रतिद्वंद्वी गैंग, जिसका नेतृत्व माशूक मनीष करता है, इस हत्या के पीछे हो सकता है। मौके पर मौजूद लोगों ने भी माशूक मनीष गैंग के शामिल होने की बात कही है। यह भी सामने आया है कि पिछले एक महीने से विनय सिंह की रेकी की जा रही थी, और इसकी जानकारी उन्हें खुद भी थी। इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जो एक गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है।

घटना जमशेदपुर के बालीगुमा इलाके की है, जहां रविवार शाम विनय सिंह का शव बरामद हुआ। उनके सिर में गोली लगी थी और उनके बाएं हाथ में एक पिस्तौल भी पाई गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या सुनियोजित हत्या। हालांकि शुरुआती संकेत हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। विनय सिंह उलीडीह थाना क्षेत्र के आस्था स्पेस टाउन में रहते थे और डिमना चौक पर उनकी टाइल्स की दुकानें थीं।

हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। नाराज समर्थकों ने डिमना चौक के पास एनएच-33 को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पूरे क्षेत्र का यातायात ठप हो गया। लोगों में आक्रोश है और वे अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

इसे भी पढ़े -  भारतीय नौसेना ने अरब सागर में अपनी बहादुरी की एक और मिसाल कायम की

पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की मदद से जांच की जा रही है। साथ ही, पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, जमशेदपुर पुलिस का कहना है कि रविवार सुबह से ही विनय सिंह का संपर्क नहीं हो पा रहा था। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने उनके मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की और शाम को उनका शव बरामद किया गया।

फिलहाल, यह मामला राजनीतिक और आपराधिक दुनियाओं के टकराव की ओर संकेत कर रहा है। प्रशासन के लिए यह एक बड़ी चुनौती है कि वह जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ कर न्याय सुनिश्चित करे और इलाके में शांति बहाल करे।