वाराणसी में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अपने खिलाफ चल रही जांच को लेकर प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर अजय पाल शर्मा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पत्रकारों को एक तस्वीर दिखाते हुए दावा किया कि मामले की जांच कर रहे अधिकारी शिकायतकर्ता आशुतोष महाराज के साथ जन्मदिन मनाते और केक काटते नजर आ रहे हैं।

शंकराचार्य ने कहा कि जब जांच अधिकारी और शिकायतकर्ता सार्वजनिक रूप से साथ जश्न मनाते दिखें, तो निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने इसे सुनियोजित साजिश करार देते हुए आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने और दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही यह भी कहा कि एक कथित हिस्ट्रीशीटर के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की नजदीकी जांच की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि सच सामने लाने के लिए वे हर स्तर पर सहयोग को तैयार हैं, लेकिन न्याय प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए।