magbo system

Editor

मैजिक पलटने से महिला की मौत, सात लोग घायल

मिर्जापुर – लालगंज-दीपनगर मार्ग पर खजुरी ओवरब्रिज के पास सोमवार दोपहर एक मैजिक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज पहुंचाया।
चुनार के मगरहा निवासी एक परिवार के आठ लोग सुबह मैजिक से हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा धाम दर्शन करने गए थे। लौटते समय खजुरी ओवरब्रिज के पास वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी लालगंज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने गुड्डी (40) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राम दुलार (60), उनकी पत्नी बदामी (55), नेतराम राय (40), आशा कुमारी (26), पूनम कुमारी (22), कृष्णा (11) और युवराज (15) घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल बदामी, राम दुलार और नेतराम को ट्रॉमा सेंटर मिर्जापुर रेफर किया गया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत हुई है और घायलों का इलाज जारी है।

VK Finance
खबर को शेयर करे

Leave a Comment