magbo system

Editor

विकास परियोजनाओं के निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं समयबद्धता हो प्राथमिकता-मुख्यमंत्री योगी

सीएम योगी ने सी.एम. ग्रिड योजनांतर्गत सड़क निर्माण कार्य एवं पुलिस संग्रहालय का किया निरीक्षण

VK Finance

2027 में जिले को मिलेगा एक और मेडिकल कॉलेज का तोहफा

पांडेयपुर के मेंटल हॉस्पिटल के 14.2 एकड़ जमीन पर बन रहे मेडिकल कॉलेज का भी किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने काशी के बाबा कालभैरव एवं श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया

   वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे के दौरान रविवार को सी.एम. ग्रिड योजनांतर्गत सड़क निर्माण परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति से अवगत होते हुए संबंधित कार्यदाई संस्था के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश के साथ ही कार्यों को मनक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराये जाने हेतु निर्देशित किया। 
  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांडेयपुर के मेंटल हॉस्पिटल के 14.2 एकड़ जमीन पर बन रहे मेडिकल कॉलेज का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों द्वारा कार्य की प्रगति से अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री ने कार्य में तेजी लाये जाने के साथ ही निर्धारित समयावधि में कार्य को पूरा कराए जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नियमित रूप से निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग कराये जाने का निर्देश दिया। बताया गया कि इस मेडिकल कॉलेज में लगभग 150 एमबीबीएस के छात्रों की पढ़ाई होगी। वर्ष 2027 में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा। जिसके सिविल कार्य पर लगभग 150 करोड़ की धनराशि व्यय होगा।
      मुख्यमंत्री ने सी.एम. ग्रिड योजनांतर्गत तिलक जी की मूर्ति से भारत सेवा आश्रम तक बनाये जा रहे सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बता दें कि वाराणसी नगर क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना से 47 करोड़ रुपये लागत से छह स्मार्ट और हाईटेक सड़क बनाई जा रही है। तिलक जी की मूर्ति से भारत सेवा आश्रम तक, गोलघर चौराहा से एलटी कॉलेज तक, घंटी मिल से सिगरा थाने तक, सिगरा चौराहा से औरंगाबाद, सुंदरपुर मुख्य मार्ग से मुंशी पार्क होते हुए चेरियन हॉस्पिटल तक, रविदास गेट से ट्रॉमा सेंटर तक इन सड़कों का कायाकल्प किया जा रहा है। लगभग 90 फीसदी काम पूरा भी हो गया है। इन सभी सड़कों के किनारे हरियाली को प्रमुखता दी जा रही है। जिससे इन सड़कों पर फुटपाथ के साथ ही ग्रीनरी की व्यवस्था भी मिलेगी, ताकि इस सड़क के किनारे से चलने वाले लोगों को हरियाली के साथ ही वहां बैठने और रुकने की भी व्यवस्था होगी। 
       तत्पश्चात् मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव एवं देवाधिदेव महादेव श्री काशी विश्वनाथ का विधिवत् दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। 
       निरीक्षण के दौरान स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक डॉ अवधेश सिंह, डॉ सुनिल पटेल, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, डीआईजी वैभव कृष्णा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
खबर को शेयर करे

Leave a Comment