वाराणसी। लालपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज इलाके में बीती रात हुए लड़ाई-झगड़े ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। विवाद के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई पांच माह की गर्भवती महिला की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना में महिला के पेट में पल रहे गर्भस्थ शिशु की भी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात किसी बात को लेकर हुए विवाद में महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए भर्ती कर इलाज शुरू किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद सोमवार को महिला ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार, गंभीर चोटों के कारण गर्भस्थ शिशु को भी बचाया नहीं जा सका।
घटना की खबर फैलते ही आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने महिला का शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इससे इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने समय पर सख्त कार्रवाई नहीं की। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाया और निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालात को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।