


चंदौली। 79वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर वृद्धाश्रम मधुपुर में स्वतंत्रता का पर्व पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री राजीव कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर विधिवत ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान की गूंज के साथ तिरंगा लहराया तो वृद्धाश्रम का वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में श्री राजीव कुमार ने सभी वृद्ध माताओं-पिताओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारे बलिदानी वीरों के संघर्ष और त्याग को याद करने का दिन है। इसके बाद उपस्थित सभी वृद्धजन व स्टाफ को फल एवं मिष्ठान वितरण किया गया।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम के संचालक श्री गिरिजेश राय, विकास सिंह, प्रबंधक अनिल यादव, संजय यादव, रवि कुमार समेत सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर वृद्धजनों की सेवा और देखभाल में निरंतर समर्पण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम को और भी रोचक व जीवंत बनाने के लिए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक गीत और कविताएं प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। तालियों की गड़गड़ाहट और मुस्कुराहटों से वातावरण और भी खुशनुमा हो गया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में सीओ चंदौली श्री देवेंद्र कुमार ने भी वृद्धाश्रम पहुंचकर सभी बुजुर्गों को फल और मिष्ठान वितरित किया। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और संस्कार के स्तंभ हैं, उनकी सेवा करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
अंत में वृद्धाश्रम परिवार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए धन्यवाद दिया।

