
मुगलसराय (चंदौली)। नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी और समाजसेवी सरदार अवतार सिंह का आज रात्रि लगभग 2:30 बजे हृदय गति रुकने से असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार, पुत्र और रिश्तेदारों को छोड़कर ईश्वर के चरणों में विलीन हो गए।
सरदार अवतार सिंह का “अवतार हीरो” नामक प्रतिष्ठान मुगलसराय ही नहीं, बल्कि पूरे चंदौली जिले में हीरो मोटरसाइकिल का प्रमुख विक्रय केंद्र रहा है। उनके व्यवसायकुशलता और ईमानदारी ने उन्हें व्यापारिक जगत में एक सम्मानजनक स्थान दिलाया था। इसके साथ ही वे समाज सेवा में भी अग्रणी रहे और नगर के हर सामाजिक कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते थे।
उनकी असामयिक मृत्यु की खबर सुनते ही नगर के सम्मानित नागरिक, व्यापारीगण, राजनीतिक, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट कर रहे हैं। नगर में यह एक अपूरणीय क्षति मानी जा रही है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करें। सरदार अवतार सिंह की स्मृति समाज में सदा जीवित रहेगी।