
वाराणसी, 5 फरवरी 2026: राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) द्वारा वाणिज्य संकाय, में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, संकायों एवं संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में विभिन्न विभागों, संकायों एवं संस्थानों से प्रतिभागिता देखने को मिली और 100 से अधिक यूनिट रक्तदान किया गया, जो उनके सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनशीलता को दर्शाता है। विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी ने युवा शक्ति की सामाजिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का आयोजन वाणिज्य संकाय के संकाय प्रमुख, प्रो. एच. के. सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का प्रभावी समन्वय एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. स्वप्ना मीना द्वारा किया गया, जिनके नेतृत्व में यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रक्तदान शिविर का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. लाल बाबू जायसवाल (इकाई 4A), डॉ. ईशी मोहन (इकाई 4B), डॉ. शशि यादव (इकाई 4C) तथा डॉ. वंदना सोनकर (इकाई 4D) द्वारा किया गया, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों का सक्रिय सहयोग रहा।
आयोजकों ने बताया कि स्वैच्छिक रक्तदान एक महान सेवा है, जो अनेक जीवन बचाने में सहायक सिद्ध होती है तथा आपातकालीन चिकित्सीय आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम का समापन विश्वविद्यालय समुदाय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में निरंतर सहभागिता की अपील के साथ किया गया, साथ ही “रक्तदान करें, जीवन बचाएं” का संदेश दिया गया।
