वाराणसी के मंडुवाडीह चौराहा पर चल रहे पुल के निर्माण के चलते उससे जुड़े आसपास के मार्ग इन दिनों भीषण जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में चल रहे पुल निर्माण कार्य,दुकानदारो द्वारा अतिक्रमण और लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में हालात बद से बदतर हो जाते हैं, जहां दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन घंटों तक रेंगते नजर आते हैं।

इस जाम का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों पर पड़ रहा है। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती है, जिससे मरीजों को गंभीर परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी से समस्या और बढ़ गई है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया और अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो मंडुवाडीह क्षेत्र में जाम स्थायी समस्या बन सकता है। प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग तेज होती जा रही है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके।