महापर्व महाशिवरात्रि की तैयारियों में जगमग काशी विश्वनाथ धाम

खबर को शेयर करे

श्री काशी विश्वनाथ धाम महाशिवरात्रि महापर्व के लिए विद्युत झालरों और रंग-बिरंगी लाइटों से रोशन हो रहा है। धाम की आकर्षक सजावट तेजी से पूरी की जा रही है, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आ रहा है। मंदिर परिसर के विभिन्न भवन विद्युत रोशनी से जगमगा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति की लहर देखी जा रही है।

रुद्राभिषेक का विशेष आयोजन

महाशिवरात्रि महोत्सव के दूसरे दिन भी प्रधान महादेव विग्रहों का विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में रुद्र मंत्रों के उच्चारण से आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। श्री काशी विश्वनाथ धाम में नवाचार को बढ़ावा देते हुए, महाशिवरात्रि से पूर्व प्रधान महादेव विग्रहों का विशेष रुद्राभिषेक करने की परंपरा गत वर्ष प्रारंभ की गई थी। इसी परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी मंदिर के प्रधान महादेव विग्रहों का पूजन और अभिषेक किया जा रहा है।

शुक्रवार को मंदिर के नायब तहसीलदार श्री मिनी एल शेखर ने गंगेश्वर महादेव का शास्त्रोक्त विधि से पूजन एवं अभिषेक किया। मंदिर के सीईओ ने बताया कि इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य भक्तों को आध्यात्मिक लाभ पहुंचाना और धाम के धार्मिक महत्व को और अधिक सशक्त बनाना है।

महाशिवरात्रि महोत्सव में भक्तों की आस्था और भक्ति को देखते हुए रुद्राभिषेक का यह आयोजन आगामी दिनों तक भी जारी रहेगा। श्रद्धालु बढ़-चढ़कर इस दिव्य आयोजन में भाग ले रहे हैं, जिससे काशी विश्वनाथ धाम में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का विशेष वातावरण बना हुआ है।

इसे भी पढ़े -  वाराणसी: लोको पायलट की सूझबूझ से टली बड़ी रेल दुर्घटना