वाराणसी।

शंकराचार्य घाट स्थित श्रीविद्यामठ में बदरीनाथ धाम के पुजारी समुदाय की शीर्ष पंचायत, श्री बदरीनाथ डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी ने प्रतिनिधि मंडल के साथ बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण मानी जाने वाली तेल-कलश गाडू-घड़ा शोभायात्रा को ऋषिकेश से बदरीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करवाने हेतु परमाराध्य परमधर्माधीश, ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज से भेंट कर उन्हें आमंत्रण-पत्र सौंपा और आयोजन में सम्मिलित होने का आग्रह किया। शंकराचार्य जी महाराज ने आमंत्रण-पत्र स्वीकार करते हुए ऋषिकेश में गाडू-घड़ा तेल-कलश यात्रा में शामिल होने की सहमति दी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि माघ मेले के दौरान प्रयागराज में ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य जी के साथ हुई घटना के बाद बदरीनाथ धाम से जुड़ी महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा वाले गाडू-घड़ा शोभायात्रा उत्सव में महाराज को शंकराचार्य के रूप में आमंत्रित किया जाना विशेष महत्व रखता है। परंपरा के अनुसार इस महत्वपूर्ण धार्मिक उत्सव में बदरीनाथ के शंकराचार्य को आमंत्रित किया जाता रहा है।
यह गाडू-घड़ा दो चरणों में शोभायात्रा के साथ श्री बदरीनाथ धाम के पुजारी समुदाय डिमरियों के मूल ग्राम डिम्मर स्थित श्री लक्ष्मी-नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कपाट खुलने पर डिमरी पुजारियों द्वारा बदरीनाथ धाम पहुंचाया जाता है।