magbo system

बरेका सूर्यसरोवर पर छठ पूजा का भव्य आयोजन

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना बरेका छठ पूजा समिति द्वारा भगवान सूर्य की उपासना के महापर्व छठ पूजा का पारंपरिक और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। सोमवार दोपहर से ही सूर्यसरोवर पर आस्था से भरी व्रती महिलाएं हाथों में जलते दीप लिए, साथ चल रही परिवारीजन महिलाओं के साथ कांच की बहंगिया उठाए छठ गीत गाती हुई सरोवर किनारे बनी वेदियों तक पहुंचने लगीं।

मंच से मंत्रोच्चारण के बीच मुख्य अतिथि सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, और विशिष्ट अतिथि विवेक शील, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ने अपने परिवार के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद सभी व्रती महिलाओं ने भी सूर्य देव को अर्घ्य देकर आराधना की। कई महिलाओं ने मन्नत पूरी होने पर दंडवत करते हुए सरोवर तक पहुंचकर अपनी आस्था व्यक्त की, जबकि ढोल और नगाड़ों की थाप पर लोग थिरकते हुए पहुंचे।

कार्यक्रम के संचालन में बरेका छठ समिति के रामजन्म चौबे के मार्गदर्शन में चंद्रेश ओझा, अजय आर, कमलेश सिंह, गणेश प्रसाद और रवि नारायण सिंह सहित कई लोग सक्रिय रहे। रंगीन रोशनियों से सजा सूर्यसरोवर का अलौकिक और मनमोहक दृश्य सभी को आकर्षित कर रहा था। शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम और छठी मैया के गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। रात भर 108 बार संगीतमय हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सिविल डिफेंस, सेंट जॉन्स एंबुलेंस, स्काउट गाइड, रेलवे सुरक्षा बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई। पूरे परिसर में सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था थी। आपातकालीन चिकित्सा दल, एनडीआरएफ और जल पुलिस द्वारा सरोवर में लगातार गश्त की गई। व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम, पीने का पानी, चाय और दूध के स्टाल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

खबर को शेयर करे