पूर्व विधायक और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव, मनोज सिंह डब्लू, ने बुधवार को चंदौली के मरूई गांव का दौरा किया

खबर को शेयर करे

पूर्व विधायक और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव, मनोज सिंह डब्लू, ने बुधवार को चंदौली के मरूई गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अपने पौधरोपण अभियान के तहत पंचवटी का पौधा लगाया। मनोज सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार के पौधरोपण अभियान पर सवाल उठाते हुए इसे भ्रष्टाचार से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि सरकार केवल कागजों पर पौधरोपण कर रही है और इसके नाम पर जनता को हरियाली का सपना दिखा रही है, जबकि अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

यूपी सरकार ने इस वर्ष 36 करोड़ 50 लाख पौधे लगाने का दावा किया है, जिसमें से चंदौली जनपद में 63 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। डीएफओ के अनुसार, अब तक 62 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। हालांकि, मनोज सिंह का कहना है कि सरकार के आंकड़े विश्वसनीय नहीं हैं। विशेषज्ञों से बातचीत के आधार पर उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में 22 करोड़ पेड़ लगाए जाते हैं, तो उत्तर प्रदेश में हरियाली लौट आएगी और पर्यावरण संतुलित हो जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों में भ्रष्टाचार की आदत इतनी गहरी हो गई है कि वे पौधरोपण जैसे पवित्र कार्य में भी हेरफेर करने से नहीं चूक रहे हैं। अगर जमीन पर पौधे नहीं लगाए गए हैं, तो संभवतः पौधों की खरीद के नाम पर आवंटित धन का दुरुपयोग किया गया है। मनोज सिंह ने इस संदर्भ में जांच की मांग की है।

अंत में, उन्होंने जिला प्रशासन से चंदौली में लगाए गए पौधों की जानकारी और उनकी लोकेशन का विवरण मांगा है, ताकि वे इन पौधों की देखरेख और संरक्षण सुनिश्चित कर सकें।

इसे भी पढ़े -  स्वर्गीय जीतबहादुर सिंह बॉलीबॉल प्रतियोगिता: मेंढान ने राम दरबार को हराकर ट्रॉफी जीती

ब्यूरो चीफ गणपत राय की रिपोर्ट