
वाराणसी। मंगलवार 10 फरवरी को रविंद्रपुरी स्थित विश्वविख्यात अघोर पीठ ‘बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड’ में महानिर्वाण दिवस और अभिषेक दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु और साधु-संत अघोरपीठ पहुंचे। कार्यक्रम के तहत अघोर पीठ के दसवें पीठाधीश्वर (ब्रह्मलीन) बाबा राजेश्वर राम (बुढ़ऊ बाबा) जी का महानिर्वाण दिवस तथा वर्तमान 11वें पीठाधीश्वर अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी का अभिषेक दिवस विधि-विधान से मनाया गया।

अघोर परंपरा से जुड़े श्रद्धालुओं के लिए यह दिन विशेष धार्मिक महत्व रखता है। 9 फरवरी से ही पीठ परिसर में साधु-संतों और भक्तों का आगमन शुरू हो गया था। मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में साफ-सफाई, विशेष आरती और पूजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालु अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में एकत्र हुए। सुबह करीब साढ़े दस बजे जैसे ही अघोराचार्य अपने कक्ष से बाहर आए, पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
अघोराचार्य ने सबसे पहले अपने दादा गुरु बाबा राजेश्वर राम की समाधि पर पूजा-अर्चना कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद बाबा कीनाराम जी और अघोरेश्वर महाप्रभु बाबा अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा व समाधि स्थल पर भी विधिवत पूजा की। बाद में वे औघड़ तख्त पर आसीन हुए, जहां श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक की विशेष व्यवस्था की थी। परिसर के बाहर मेले जैसा माहौल दिखाई दिया, जहां श्रद्धालु दर्शन के बाद खरीदारी करते नजर आए। अघोराचार्य बाबा कीनाराम शोध एवं सेवा संस्थान दिवस भी मनाया गया।