magbo system

Editor

वाराणसी एयरपोर्ट पर फ्लाइट में बम की झूठी धमकी; कनाडाई नागरिक गिरफ्तार

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक यात्री ने अपने बैग में बम होने की धमकी दे दी। यह घटना शनिवार रात इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-499 में हुई, जो वाराणसी से बेंगलुरु जाने वाली थी। फ्लाइट रात 10:24 बजे टेकऑफ करने वाली थी, लेकिन रनवे की ओर बढ़ते समय अचानक एक यात्री ने चिल्लाकर कहा कि उसके बैग में बम है।

VK Finance

यह सुनते ही विमान में सवार क्रू और अन्य यात्री घबरा गए। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी और विमान को वापस एप्रन पर ले आया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारकर विमान को आइसोलेशन में रखा गया। सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया और बम निरोधक दस्ते ने विमान और यात्रियों के सामान की लगभग पांच घंटे तक जांच की। इस दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

आरोपी यात्री की पहचान कनाडाई नागरिक निशांथ योहानाथन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह अपनी सीट छोड़कर आगे की सीट पर बैठ गया था और जब क्रू मेंबर्स ने उसे वापस जाने को कहा तो वह भड़क उठा। इसके बाद उसने बम की धमकी दी और “अल्लाह हू अकबर”, “हर हर महादेव” और “जय श्रीराम” के नारे लगाने लगा। उसकी इस हरकत से सभी यात्री डर गए और तुरंत फ्लाइट को रोका गया।

धमकी की वजह से यात्रियों को टर्मिनल बिल्डिंग में रात गुजारनी पड़ी। सुबह 5 बजे स्थिति सामान्य होने पर सभी ने राहत की सांस ली। आरोपी को फूलपुर पुलिस को सौंप दिया गया, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फूलपुर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।

इस घटना को लेकर गोमती जोन के पुलिस उपायुक्त आकाश कुमार पटेल ने बताया कि आरोपी की झूठी सूचना के चलते हड़कंप मच गया। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment