magbo system

वाराणसी मंडल के स्टेशनों पर छठ के गीतों की गूंज, यात्रियों में दिखा उत्साह

वाराणसी, 24 अक्टूबर 2025।
छठ महापर्व के अवसर पर वाराणसी मंडल के 15 से अधिक रेलवे स्टेशनों की उद्घोषणा प्रणाली पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। थावे जंक्शन सहित विभिन्न स्टेशनों पर “काँच ही बाँस के बहंगिया”, “केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव” जैसे लोकप्रिय गीत बजाए जा रहे हैं। यात्रियों के लिए यह अनुभव यादगार बन गया है, खासकर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश से आने वाले लोग इस पहल से भावनात्मक रूप से जुड़ते दिख रहे हैं। महिला यात्रियों को इन गीतों को गुनगुनाते और खुशी से झूमते हुए भी देखा जा रहा है। भारतीय रेल द्वारा इस तरह का प्रयोग पहली बार किया जा रहा है।
हर वर्ष छठ पर्व पर लाखों लोग अपने घर पहुंचते हैं। इस बार भी रेल प्रशासन ने 12 हजार से अधिक विशेष ट्रेनों के संचालन का प्रबंध किया है, जिसके माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही स्टेशनों पर छठ के गीत बजाकर उनकी यात्रा को सांस्कृतिक रंग भी दिया जा रहा है, जो दूर दराज से आने वाले लोगों को अपने बिहार की मिट्टी की याद दिला रहा है।
थावे जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थाई आश्रय स्थल तैयार किया जा रहा है जिसमें पेयजल, विद्युत प्रकाश, पंखे, मोबाइल टिकटिंग सुविधा, प्राथमिक चिकित्सा, स्टेशन की जानकारी के लिए घोषणाएं और वीडियो पैनल उपलब्ध कराए जाएंगे। सर्कुलेटिंग एरिया को वाहन मुक्त रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा और संरक्षा के लिहाज से रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती बढ़ाई गई है। प्लेटफार्मों पर सीमांकन और बैरीकेडिंग की गई है, साथ ही सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी बढ़ाई गई है। यात्रियों को कतारबद्ध करने और भीड़ नियंत्रित करने के लिए निरंतर प्रयास चल रहे हैं।

खबर को शेयर करे