वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मधुबन पार्क में मंगलवार को छात्रों ने सेंट्रल हिंदू स्कूल में महिलाओं की सीटें समाप्त किए जाने के विरोध में धरना दिया। छात्र हाथों पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध जताते नजर आए। प्रदर्शन के दौरान तख्तियों पर लिखे नारों के साथ उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई।

छात्रों का कहना है कि महिलाओं की सीटें खत्म करने का फैसला छात्राओं के अधिकारों के विपरीत है और इससे लड़कियों के साथ अन्याय हो रहा है। उनका आरोप है कि यह निर्णय समान अवसर की भावना के खिलाफ है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इससे पहले वे केंद्रीय कार्यालय पर भी धरना दे चुके हैं और कुलपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर सीटें बहाल करने की मांग कर चुके हैं।
छात्र नेता विपुल ने कहा कि यदि जल्द निर्णय पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल छात्र शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा।