

फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने की जांच

बीती शाम मजदूर खोजने निकला था युवक

आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के सीवान में आज सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक कल शाम मजदूर ढूंढ़ने के लिए घर से निकला था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के पकरडीहा गांव निवासी सतीश राजभर उर्फ राजू (45) पुत्र रामधारी का शव आज सुबह 5 बजे गांव के बाहर सिवान में सड़क किनारे पेड़ की छाया के नीचे मिला। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर किरण पाल सिंह और थानाध्यक्ष अतरौलिया वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक सतीश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका बड़ा भाई काली प्रसाद 20 साल पहले दिल्ली में लापता हो गया था। छोटे भाई की शादी 10 जुलाई को होनी है। सतीश एक सप्ताह पहले ही दिल्ली से वापस आया था और घर का कुछ काम करवा रहा था। मृतक का एक 6 साल का बेटा भी है।
घटना के संदर्भ में मृतक की पत्नी शशि ने बताया कि सतीश शाम को लगभग 6 बजे घर बनवाने के लिए मजदूर की तलाश में निकला था। रात में 9 बजे फोन पर बात हुई तो कई लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं और सतीश ने कहा कि वह थोड़ी देर में घर आ जाएगा। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। रातभर खोजने के बाद भी सतीश नहीं मिला तो परिजन सो गए। सुबह घटना की जानकारी मिली।