
वाराणसी । महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के कथित अपमान और उत्पीड़न के मामले में प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
राजीव भवन, चेतगंज स्थित कार्यालय से जारी पत्र में अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे (एड.) ने आरोप लगाया कि अमावस्या के अवसर पर पुलिस ने शंकराचार्य और उनके शिष्यों को स्नान से रोका, दुर्व्यवहार किया तथा थाने ले जाकर प्रताड़ित किया। साथ ही एक कथित षड्यंत्र के तहत शंकराचार्य व स्वामी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी सहित अन्य के विरुद्ध यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कर प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कांग्रेस ने एफआईआर दर्ज कराने वालों की पृष्ठभूमि की जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराने तथा पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच की मांग की है। ज्ञापन पर राजेश्वर सिंह पटेल, फरासत हुसैन बाबू और राघवेंद्र चौबे के हस्ताक्षर हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि निष्पक्ष जांच से ही सत्य सामने आएगा और धार्मिक परंपराओं की गरिमा सुरक्षित रह सकेगी।
