कोतवाली पुलिस और एसआईटी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 25-25 हजार रुपये के तीन इनामी आरोपी भी शामिल हैं। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल के अनुसार सभी आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे और इनके खिलाफ पहले से लुक आउट नोटिस जारी था। पुलिस ने आरोपियों को मिर्जापुर बाईपास स्थित भोरसर लिंक रोड से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में सोनिया निवासी अमित जायसवाल, खोजवा निवासी दिवेश जायसवाल, अंकुश सिंह (तीनों इनामी), घनश्याम और भेलूपुर के नवाबगंज निवासी अभिनव यादव शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि सिंडिकेट के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर बैठक कर तस्करी, पैसों के लेनदेन और बैंक खातों में रकम जमा कराने की योजना बनाते थे।
जांच में सामने आया कि फर्मों के जरिए नकद और आरटीजीएस से पैसा जमा कर बाद में दूसरी फर्मों के माध्यम से सिंडिकेट तक पहुंचाया जाता था। अब तक करीब दो लाख बोतल कफ सिरप की तस्करी कर हवाला के जरिए लगभग 40 करोड़ रुपये का अवैध कारोबार किया गया, जिसमें आरोपियों को करीब 8 करोड़ रुपये का लाभ हुआ। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।