वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान आगजनी और हंगामे के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। दालमंडी चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह चौहान की तहरीर पर चौक थाने में अजमत, फारूक खान सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221 और 7 सीएल एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
जानकारी के अनुसार, ध्वस्तीकरण के दौरान कुछ लोगों द्वारा विरोध करते हुए आग लगाने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी की स्थिति बन गई। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। इलाके में फिलहाल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
