magbo system

Sanchita

बुलेटप्रूफ घेरा, सीटी की आवाज़ और खामोशी की साज़िश: अमिताभ ठाकुर की पेशी पर अजय राय का भाजपा पर तीखा हमला

पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आज़ाद अधिकार सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वाराणसी कोर्ट में पेश किए जाने को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। इस पूरे मामले पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार, वाराणसी जिला प्रशासन और पुलिस पर जमकर हमला बोला।

VK Finance

अजय राय ने कहा कि अमिताभ ठाकुर को जिस तरह बॉडी प्रोटेक्टर और बुलेटप्रूफ जैकेट में पुलिसकर्मियों के घेरे में कोर्ट लाया गया, वह बताता है कि भाजपा सरकार कितनी डरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेशी के दौरान वाराणसी पुलिस द्वारा लगातार सीटी बजाना लोकतंत्र की सीधी हत्या है। यह एक सोची-समझी रणनीति थी ताकि अमिताभ ठाकुर मीडिया के सामने कुछ भी न बोल सकें और उनकी आवाज दबाई जा सके।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अमिताभ ठाकुर को बी-वारंट पर देवरिया जेल से गुरुवार शाम वाराणसी लाया गया और तभी से उन्हें वाराणसी सेंट्रल जेल में तन्हाई बैरक में रखा गया। पूरी रात वे बेचैन रहे और सो नहीं सके। हिंदू संगठनों के आक्रोश का हवाला देकर जिस तरह 500 से अधिक पुलिसकर्मियों को बुलेटप्रूफ जैकेट में कोर्ट परिसर के अंदर और बाहर तैनात किया गया, हर गेट पर 100 पुलिसकर्मी लगाए गए और कोर्ट के अंदर मौजूद लोगों व गाड़ियों को बाहर निकाल दिया गया—यह सब डर और दमन की राजनीति को दर्शाता है।

अजय राय ने कहा कि वाराणसी पुलिस भारी फोर्स के साथ स्पेशल सीजेएम कोर्ट पहुंचना भी इस बात का प्रमाण है कि प्रशासन निष्पक्ष नहीं, बल्कि सत्ता के इशारों पर काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब अमिताभ ठाकुर को गाड़ी से उतारा जा रहा था, तब उनकी गाड़ी को पूरी तरह ढक दिया गया और उनके चेहरे तक को मीडिया के सामने नहीं आने दिया गया। सुबह करीब 10 बजे से मीडिया मौके पर मौजूद थी, लेकिन शाम करीब 5:30 बजे उन्हें इस तरह लाया गया कि सच्चाई जनता तक न पहुंच सके।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने वाराणसी पुलिस के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि “यह याद रखें, सरकारें आती-जाती रहती हैं। अपना ईमान मत बेचिए। आज आप सत्ता के दबाव में जो कर रहे हैं, कल उसी का हिसाब देना पड़ेगा।”
उन्होंने साफ कहा कि भाजपा सरकार आलोचकों से डरती है, इसलिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर आवाजों को कुचलने का काम कर रही है।

अजय राय ने इस पूरे प्रकरण को लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय और दमन के खिलाफ सड़कों से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी और अमिताभ ठाकुर के साथ हुए व्यवहार को देश की जनता के सामने उजागर करेगी।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment