पुलिस ने आरोपी एलएलबी छात्र को दबोचा

वाराणसी-वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी और कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। एसओजी और थाना पुलिस ने जंसा के रैसीपुर निवासी अजीत कुमार सरोज को गिरफ्तार किया है, जो एलएलबी तृतीय वर्ष का छात्र है। आरोपी ने अपनी प्रेमिका को मुंबई भेजे जाने से नाराज होकर उसके पिता को सबक सिखाने के लिए उनका मोबाइल चोरी किया और उनके सिम का इस्तेमाल कर धमकी भरा मैसेज भेजा था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सिम कार्ड निकालकर अपने मोबाइल में लगाया और बुधवार रात 2.23 बजे वरिष्ठ अधिवक्ता को मैसेज भेजा। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार के अनुसार, मोबाइल के IMEI नंबर की जांच से आरोपी की लोकेशन और पहचान पुख्ता हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। इस घटना के बाद कचहरी परिसर में हड़कंप मच गया था और पुलिस प्रशासन ने डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ते के साथ सघन चेकिंग अभियान भी चलाया।