
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े सरगना और शैली ट्रेडर्स के प्रमुख आरोपी शुभम जायसवाल एवं रोहनिया के महेश सिंह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

शुभम जायसवाल, जो आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रहलाद घाट स्थित कायस्थ टोला का निवासी है, के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट के साथ-साथ सोनभद्र, जौनपुर, चंदौली और गाजियाबाद में भी प्राथमिकी दर्ज है। यही नहीं, उसके दुबई, कोलकाता, दिल्ली और उत्तराखंड में ठिकाने बनाए जाने की भी चर्चाएं हैं। शुभम और झारखंड के रांची स्थित शैली ट्रेडर्स के प्रोपराइटर भोला प्रसाद समेत 38 फर्मों के खिलाफ कोतवाली थाना वाराणसी में एनडीपीएस एक्ट, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
कई एजेंसियां कर रहीं संयुक्त दबिश
शुभम की गिरफ्तारी के लिए
एसआईटी वाराणसी,
यूपी एसटीएफ,
एंटी नारकोटिक्स सेल
लगातार दबिश दे रही हैं। उसके कई संभावित ठिकानों की लोकेशन ट्रेस कराई जा रही है।
रोहनिया कफ सिरप कांड में कार्रवाई
रोहनिया भाना क्षेत्र के भदवर में जिम के नीचे बने गोदाम से 19 नवंबर को भारी मात्रा में कफ सिरप बरामद हुआ था। इस मामले में गोदाम मालिक महेश सिंह पर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
अब तक छह गिरफ्तार, कई अभी भी फरार
एसटीएफ पहले ही शुभम के साझेदार
अमित सिंह टाटा (जौनपुर)
आलोक प्रताप सिंह
को गिरफ्तार कर चुकी है।
इसके अलावा पुलिस वरुण सिंह, गौरव जायसवाल, विशाल मल्होत्रा समेत शुभम के अन्य पार्टनरों की तलाश में जुटी है। खोजवा क्षेत्र के दिवेश जायसवाल, अंकुश सिंह, घनश्याम मौर्य सहित अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
शुभम के पिता भोला प्रसाद को सोनभद्र पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, और वह फिलहाल सोनभद्र जेल में निरूद्ध है।