magbo system

Sanchita

दुद्धी की राजनीति का एक युग समाप्त: आठ बार विधायक रहे विजय सिंह गोंड का निधन

दुद्धी (सोनभद्र)। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से आठ बार विधायक रहे विजय सिंह गोंड का निधन हो गया। उनके निधन से न केवल दुद्धी, बल्कि उत्तर प्रदेश की आदिवासी राजनीति में एक बड़े युग का अंत माना जा रहा है। विजय सिंह गोंड अपनी मजबूत जनाधार और जनजातीय नेतृत्व के लिए जाने जाते थे।

VK Finance

उत्तर प्रदेश विधानसभा की अंतिम सीट दुद्धी, जो अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है, पर विजय सिंह गोंड का लंबे समय तक वर्चस्व रहा। उन्होंने वर्ष 1980 में कांग्रेस के टिकट पर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद 1985 में कांग्रेस, 1989 में निर्दल, 1991 और 1993 में जनता दल, तथा 1996 और 2002 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लगातार जीत दर्ज की।

विजय सिंह गोंड मुलायम सिंह यादव की सरकार में राज्य मंत्री भी रह चुके थे। उनकी पहचान एक मजबूत आदिवासी नेता के रूप में रही, जिनका क्षेत्र की राजनीति और समाज पर गहरा प्रभाव था।

वर्ष 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में आरक्षण के चलते वह चुनाव मैदान में नहीं उतर सके, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने समर्थित प्रत्याशियों को जीत दिलाकर अपनी राजनीतिक पकड़ साबित की।
2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें अपना दल (एस) के प्रत्याशी हरिराम चेरो ने 1085 मतों से पराजित किया था, जबकि 2022 में भाजपा प्रत्याशी रामदुलार गोंड से 6725 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

हालांकि, रामदुलार गोंड के नाबालिग से दुष्कर्म मामले में अयोग्य ठहराए जाने के बाद वर्ष 2024 में हुए उपचुनाव में विजय सिंह गोंड ने एक बार फिर दमदार वापसी की। सत्ताधारी दल की पूरी ताकत के बावजूद उन्होंने 3018 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर आठवीं बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया।

समाजवादी पार्टी के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अवध नारायण यादव ने बताया कि शुक्रवार, 9 जनवरी को दुद्धी स्थित कनहर घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पूर्व उनका पार्थिव शरीर डीसीएफ कॉलोनी स्थित गोंडवाना भवन में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

विजय सिंह गोंड का निधन क्षेत्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके समर्थक और अनुयायी उन्हें एक जमीनी नेता और आदिवासी समाज की सशक्त आवाज के रूप में याद कर रहे हैं।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment