magbo system

Editor

धर्मनगरी वाराणसी में नाव पर इफ्तार पार्टी विवाद: 14 युवक गिरफ्तार, गंगा में अवशेष फेंकने का आरोप

धर्मनगरी वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी आयोजित करने का मामला अब तूल पकड़ चुका है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

VK Finance

यह मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के पंचगंगा घाट के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम कुछ युवक नाव पर इफ्तार पार्टी करते नजर आए थे, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

आरोप है कि इस पार्टी के दौरान नॉनवेज भोजन, खासकर बिरयानी परोसी गई। वायरल वीडियो में युवक भोजन करते और जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि भोजन के बाद हड्डियां गंगा नदी में फेंकी गईं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

इस मामले में भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि गंगा की पवित्र धारा के बीच इस तरह नॉनवेज भोजन करना और उसके अवशेष नदी में फेंकना आस्था का अपमान है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की और जांच के आधार पर 14 युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब शहर में रामनवमी समेत अन्य धार्मिक आयोजनों को लेकर माहौल संवेदनशील बना हुआ है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment