
वाराणसी/गंगापुर: महाराज बलवंत सिंह पीजी कॉलेज, गंगापुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष ‘दिन-रात’ शिविर का शुभारंभ शनिवार को सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ। यह शिविर भीमचंडी बाजार स्थित धर्मशाला में 9 मार्च से 15 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. लालजी (सहायक निदेशक, केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय), महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुरुषोत्तम सिंह, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिला नंद सिंह और डॉ. अर्चना सिंह ने संस्थापक महाराज जी एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि डॉ. लालजी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना समाज के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से सात दिवसीय शिविर के दौरान अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करते हुए समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नारी सशक्तिकरण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
प्राचार्य प्रो. पुरुषोत्तम सिंह ने अनुशासन को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि अनुशासित रहकर ही स्वयंसेवक शिविर के उद्देश्यों को सफल बना सकते हैं। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिला नंद सिंह ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का स्वागत किया। संचालन अंगद प्रसाद यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अर्चना सिंह ने दिया।
इस दौरान डॉ. भूपेंद्र कुमार यादव, प्रो. आलोक कुमार कश्यप, डॉ. दुर्गेश कुमार पांडे, डॉ. उमेश कुमार, डॉ. सत्य प्रकाश सिंह सहित कई प्राध्यापक व बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे। शिविर के दौरान स्वयंसेवक श्रमदान कर स्वच्छता अभियान भी चलाएंगे।