
वाराणसी के थाना मंडुवाडीह पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 129.60 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान घटना में प्रयुक्त एक ब्रेजा कार भी जब्त की गई। पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री, निष्कर्षण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया के पर्यवेक्षण में थाना मंडुवाडीह की टीम व बरेका चौकी इंचार्ज प्रदीप यादव “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत चेकिंग कर रही थे। मुखबिर की सूचना पर बीएलडब्ल्यू परिसर स्थित सूर्यसरोवर पोखरे के पास 26 फरवरी 2026 को शाम 7 बजकर 39 मिनट पर कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान (25 वर्ष), निवासी पचोखर जनपद गाजीपुर और अंकित कुमार पाण्डेय (27 वर्ष), निवासी गोविंदपुर किरत थाना मरदह जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान 15 पेटी 8 पीएम ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 129.60 लीटर बताई गई है। साथ ही BR 06 BB 13011 नंबर की ब्रेजा कार भी जब्त की गई।
इस संबंध में थाना मंडुवाडीह में आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 और 72 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रदीप यादव समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
