
वाराणसी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रोहनिया थाना स्थित मिशन शक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्पष्ट किया कि बेटियों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उनके साथ वरुणा जोन की एडीसीपी नीतू काद्दयान भी मौजूद रहीं, जिन्हें सख्त कार्यशैली के लिए जाना जाता है।

निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निर्देश दिया गया कि घरेलू हिंसा या उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों में पीड़ित महिलाओं से हर सप्ताह फीडबैक लिया जाए और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और शिकायत पेटिका स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने महिला अपराध और बच्चों की गुमशुदगी के मामलों में शत प्रतिशत एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। छोटे मामलों की जांच 15 दिन के भीतर पूरी करने की समयसीमा तय की गई है। एंटी रोमियो स्क्वाड को भी सक्रिय कर शिक्षण संस्थानों के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।