सारनाथ , वाराणसी, स्थानीय थाना क्षेत्र के सराय मोहना चौकी अंतर्गत खालिसपुर इलाके में गुरुवार को एक 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही सराय मोहना चौकी इंचार्ज अनुज शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी अनुसार, मूल रूप से धानापुर निवासी आकाश कश्यप (18 वर्ष) पुत्र संजय कश्यप, खालिसपुर में किराए के मकान में रहकर टाइल मिस्त्री का काम करता था। गुरुवार दोपहर आकाश ने कमरे के अंदर साड़ी का फंदा बनाया और पंखे के सहारे लटक गया।
उस समय आकाश की मां रीता देवी छत पर कपड़े धो रही थीं। थोड़ी देर बाद जब वह नीचे आईं तो कमरा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया। दरवाजा तोड़ने पर आकाश का शव फंदे से लटका मिला, जिसे देख परिजनों के होश उड़ गए। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक के पिता संजय कश्यप धानापुर में ही दाना भूनने का काम करते हैं, जबकि मां और छोटी बहन आशा, एवं आकाश के साथ वाराणसी में रहते थे। पिता ने बिलखते हुए बताया कि उनके बड़े बेटे की मृत्यु पहले ही करंट लगने से हो चुकी है। और अब दूसरे बेटे के इस कदम ने परिवार को तोड़कर रख दिया है।
पुलिस मामले की जांच हर पहलू पर कर रही है। कि आखिर युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी क्या वजह हो सकती है।
