वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित होटल सिटी इन में हैदराबाद से आए भाई-बहन द्वारा आत्महत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए परिजनों को सूचना दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक हैदराबाद के रहने वाले थे और काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए वाराणसी आए हुए थे। बताया जा रहा है कि होटल के कमरे में दोनों ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। हालांकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार, शवों की स्थिति देखकर अंदेशा है कि दोनों ने करीब एक दिन पहले जहर का सेवन किया था। सूचना पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने कमरे से मिले कागजात, आधार कार्ड सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त गौरव बंशवाल भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और उनके आने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
होटल कर्मियों के अनुसार, दोनों भाई-बहन का व्यवहार सामान्य था और उन्होंने काशी के विभिन्न स्थानों का भ्रमण भी किया था। चेकआउट के दिन दोपहर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल स्टाफ को संदेह हुआ। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। दूसरी चाबी से दरवाजा खोला गया तो दोनों कमरे में अचेत अवस्था में मिले और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। कमरे में टेबल पर जहर का पैकेट भी मिला, जिसके आधार पर पुलिस ने जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।