
वाराणसी में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने 7 फरवरी 2026 को शहर क्षेत्र का व्यापक भ्रमण और निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अंध्रापुल से मरी माई तिराहा, सिगरा चौराहा, रथयात्रा, गुरुबाग होते हुए लंका तक तथा रविदास गेट से मालवीय चौराहा और ट्रॉमा सेंटर तिराहा तक पैदल गश्त कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा की। पैदल गश्त के दौरान गलत दिशा में वाहन चलाने वालों, बिना नंबर प्लेट वाहनों और गलत बारकोड या रूट पर संचालित ई-रिक्शा व ऑटो के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 974 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 15 वाहनों को सीज किया गया। बिना नंबर प्लेट के 58 वाहनों पर कार्रवाई की गई। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 45 ई-रिक्शा और ऑटो को सीज किया गया तथा 404 के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा अतिक्रमण के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया गया। इस दौरान 19 अभियोग दर्ज किए गए और शहर के 209 स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से अब तक 30 गुमशुदा व्यक्तियों को बरामद किया जा चुका है, जो पुलिस की सक्रिय कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने, कलर्ड पार्किंग व्यवस्था को सख्ती से लागू कराने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के भी निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून व्यवस्था और यातायात नियमों का पालन सख्ती से कराया जाएगा।