
लखनऊ/गाजियाबाद। गाजियाबाद में तीन सगी बहनों द्वारा आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस मामले पर राज्य महिला आयोग ने गंभीर चिंता जताते हुए इसे बेहद संवेदनशील और चेतावनी देने वाला मामला बताया है। प्रारंभिक जांच में मोबाइल गेम की लत को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, जिसे लेकर आयोग ने सख्त कदम उठाने की बात कही है।

राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. बबीता सिंह चौहान ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर बच्चों में बढ़ती मोबाइल निर्भरता पर नियंत्रण के निर्देश दिए हैं। आयोग ने कक्षा 5 तक के छात्रों को मोबाइल के जरिए होमवर्क भेजने पर रोक लगाने का सुझाव दिया है। साथ ही स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि शैक्षणिक गतिविधियां विद्यालय परिसर में ही कराई जाएं, ताकि बच्चों का स्क्रीन टाइम कम किया जा सके।
आयोग का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है। प्रशासन से इस मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा की गई है।