काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में छात्रों के बीच मारपीट का मामला सामने आने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। यह विवाद BHU के राजाराम छात्रावास से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें UGC से जुड़े मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ने का आरोप लगाया जा रहा है।

पीड़ित छात्र आदर्श का कहना है कि UGC बिल के समर्थन में पोस्टर साझा करना उसे भारी पड़ गया। उसके अनुसार, UGC के समर्थन में रुख अपनाने के कारण उसके साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि मंगलवार को BHU परिसर में UGC के समर्थन में एक मार्च भी निकाला गया था। इस मामले में कुछ सवर्ण जाति के छात्रों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है, जिनमें आशु, अमित, अंकित और अभय के नाम सामने आए हैं। छात्र ने इस संबंध में वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है।
पीड़ित छात्र की शिकायत के आधार पर लंका थाना में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में भी हलचल तेज हो गई है।
वहीं, आरोपित छात्रों ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा है कि उन्हें गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। उनका कहना है कि इस पूरे मामले में UGC मुद्दे को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। आरोपित छात्रों का यह भी दावा है कि उनमें से एक छात्र खुद OBC वर्ग से है और UGC का समर्थन करता रहा है। उन्होंने CCTV फुटेज और विश्वविद्यालय प्रशासन की जांच पर भरोसा जताया है।
मामला अब और पेचीदा हो गया है क्योंकि आरोपी छात्र भी पीड़ित छात्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंच गए हैं। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।