गाजियाबाद के भारत सिटी सोसाइटी में मंगलवार देर रात एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। एक ही परिवार की तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ 9वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक बहनों की पहचान 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें आपस में बेहद घनिष्ठ थीं और रोजमर्रा के सभी काम एक साथ किया करती थीं। पढ़ाई से लेकर मोबाइल गेम खेलने तक, उनका ज्यादातर समय साथ ही बीतता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन गेम ऐप की आदी हो चुकी थीं। हालांकि, पुलिस अभी इसे आत्महत्या का पुख्ता कारण मानने से बच रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मोबाइल फोन व अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है।