magbo system

Editor

रविदास जयंती पर सीर गोवर्धनपुर पहुंचे चंद्रशेखर आज़ाद, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, यूजीसी गाइडलाइन पर 11 को दिल्ली प्रोटेस्ट का ऐलान

वाराणसी। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के पावन अवसर पर उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। उन्होंने गुरु रविदास जी के चरणों में पुष्प अर्पित कर शीश नवाया और सभा को संबोधित किया।

VK Finance

दर्शन-पूजन के बाद चंद्रशेखर आज़ाद ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिस आयोजन में देश-विदेश से 10 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हों, वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का न होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन में गिने-चुने पुलिसकर्मी ही नजर आ रहे हैं।

उन्होंने कहा, “एक छोटे से नेता के कार्यक्रम में 100 से 200 पुलिसकर्मी तैनात कर दिए जाते हैं, लेकिन यहां लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ है और 10 पुलिसकर्मी भी दिखाई नहीं दे रहे। जो काम पुलिस को करना चाहिए था, वह काम आज संगत में आए हमारे साथी कर रहे हैं।”

चंद्रशेखर आज़ाद ने इसे सरकार और प्रशासन की बड़ी गैर-जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे सरकार किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही हो, ताकि बाद में ऐसे धार्मिक आयोजनों को बंद करने का बहाना मिल सके। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी धर्म का आयोजन हो, उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री इस आयोजन में नहीं आ रहे हैं, तो क्या यहां पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है। साथ ही सुरक्षा अधिकारियों से अपील की कि किसी भी तरह की लापरवाही तुरंत दूर की जाए, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

सभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आज़ाद ने संत रविदास जी के ‘बेगमपुरा’ के विचार को याद किया। उन्होंने कहा कि बेगमपुरा ऐसा राज्य है, जहां कोई दुख न हो, छोटा-बड़ा का भेद न हो और हर व्यक्ति सम्मान के साथ जीवन जिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने गुरु रविदास जी से अरदास की है कि देश के बेरोजगार और परेशान लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि आए।

इस मौके पर उन्होंने संत रविदास के नाम पर रेलवे स्टेशन का नाम रखने की भी मांग उठाई। कार्यक्रम के बाद उन्होंने संगत के साथ लंगर भी ग्रहण किया। इस दौरान आज़ाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

वहीं यूजीसी की नई गाइडलाइन को लेकर पूछे गए सवाल पर चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि इस मुद्दे पर 11 तारीख को दिल्ली में प्रोटेस्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह गाइडलाइन किसी वर्ग को परेशान करने या नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं लाई गई है, लेकिन इसमें कुछ कमियां हैं, जिन्हें सुधारा जाना जरूरी है।

उन्होंने समता समिति की संरचना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब समिति का अध्यक्ष कुलपति होगा और सभी सदस्य एक ही विचारधारा के होंगे, तो निष्पक्ष न्याय कैसे संभव होगा। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र भेजा है और उम्मीद जताई है कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगी।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment